25 मई 2016 - 18:45
इस्राईल फ़िलिस्तीनियों और पूरे इलाक़े के लिए गंभीर ख़तरा है

हिज़्बुल्लाह के महासचिव सैय्यद हसन नसरूल्लाह ने कहा है कि इस्राईल फ़िलिस्तीनियों और पूरे इलाक़े के लिए गंभीर ख़तरा है और उसके मुक़ाबले के लिए व्यापक प्रतिरोध की ज़रूरत है।

हिज़्बुल्लाह के महासचिव सैय्यद हसन नसरूल्लाह ने कहा है कि इस्राईल फ़िलिस्तीनियों और पूरे इलाक़े के लिए गंभीर ख़तरा है और उसके मुक़ाबले के लिए व्यापक प्रतिरोध की ज़रूरत है।
बुधवार को प्रतिरोध और आज़ादी दिवस शीर्षक समारोह को संबोधित करते हुए हसन नसरूल्लाह ने कहा, ऐसे अवसर पर वार्षिक समारोहों से पता चलता है कि प्रतिरोधी आंदोलन को इस्राईल के मुक़ाबले में अपनी उपलब्धियों पर गर्व है।
उल्लेखनीय है कि 25 मई को लेबनानी जनता देश से इस्राईली सेनाओं के निकलने की 16वीं वर्षगांठ मना रही है।
हिज़्बुल्लाह के महासचिव का कहना था कि यह जीत लेबनानी इतिहास एवं संस्कृति का हिस्सा है, जो नई नस्ल को अत्याचार से मुक़ाबले का पाठ पढ़ाती है।
उन्होंने कहा कि हिज़्बुल्लाह इस जीत को फ़िलिस्तीनियों और पूरे विश्व को समर्पित करता है।
हसन नसरूल्लाह ने कहा कि लेबनानी बच्चों को प्रतिरोध के लड़ाकों के साहसी कारनामों से सबक़ लेना चाहिए और भविष्य में चुनौतियों का मुक़ाबला करने की कला सीखनी चाहिए।
वर्ष 2000 में हिज़्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान से इस्राईली सैनिकों को निकाल बाहर किया था।
इस अवसर पर हिज़्बुल्लाह के महासचिव ने फ़िलिस्तीनियों पर इस्राईल के अत्याचारों की ओर संकेत करते हुए कहा, यह हर किसी को याद रखना चाहिए कि ज़ायोनी शासन हमारा सबसे बड़ा दुश्मन और इलाक़े के लिए सबसे बड़ा ख़तरा है।